द न्यूज गली, नोएडा : मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत रविवार को सेक्टर-51 स्थित ग्राम होशियारपुर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से महिला सशक्तीकरण रैली निकाली गई। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित रैली के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। रैली में करीब 500 छात्राओं ने हिस्सा लिया।महिला सुरक्षा को लेकर निकाले गए पैदल मार्च का नेतृत्व डीसीपी महिला सुरक्षा सुनीती ने किया। कार्यक्रम का संचालन एडीसीपी महिला सुरक्षा मनीषा सिंह ने सेक्टर-49 थाना पुलिस और महिला थाना प्रभारी के समन्वय से किया। रैली में आशा बहुओं, होमगार्ड, एएनएम, शिक्षकों और सफाईकर्मियों ने भी सहयोग किया।इस दौरान विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा के उपायों, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, कानूनी अधिकारों और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। पुलिस की मिशन शक्ति, स्वयं सिद्धा और एंटी रोमियो टीमों ने भी महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा से जुड़े उपायों और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया।

महिला उत्पीड़न की सूचना पुलिस को देने की अपील
शारदीय नवरात्र के मद्देनजर आयोजित अभियान में आमजन से महिलाओं और बालिकाओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि किसी भी तरह के उत्पीड़न या दुर्व्यवहार की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि पीड़ितों को समय पर सहायता मिल सके।

जागरूकता कार्यक्रम किए जा रहे आयोजित
कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत विभिन्न विभागों के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का भाव मजबूत करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और समाज में महिला सम्मान के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना है।