द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : नवरात्र शुरू होते ही जिले में वाहनों की खरीदारी ने रफ्तार पकड़ ली है। परिवहन विभाग में नवरात्र के शुरुआती तीन दिनों में 924 नए वाहनों का पंजीकरण हुआ है। इनमें 457 कार और 467 दोपहिया वाहन शामिल हैं। वाहन डीलरों के अनुसार, वास्तविक बिक्री का आंकड़ा इससे अधिक है, क्योंकि कई वाहनों की डिलीवरी हो चुकी है, लेकिन उनका पंजीकरण होना बाकी है।त्योहारी सीजन में वाहन खरीदने के लिए लोग पहले से बुकिंग करा रहे हैं। पितृपक्ष में नई वस्तुओं की खरीदारी से परहेज करने वाले कई ग्राहक नवरात्र के शुभ मुहूर्त का इंतजार करते हैं। नवरात्र शुरू होते ही शोरूम में ग्राहकों की संख्या बढ़ गई है। मांग को देखते हुए कई डीलरों ने शोरूम का समय बढ़ाकर रात नौ बजे तक कर दिया है, जिससे ग्राहकों को वाहन की बुकिंग, डिलीवरी और पंजीकरण कराने में सुविधा मिल सके।
अष्टमी, नवमी और धनतेरस पर बढ़ेगी मांग
वाहन डीलरों को उम्मीद है कि दशहरा और दिवाली तक बिक्री में तेजी बनी रहेगी। एआरटीओ प्रशासन-प्रवर्तन नंदकुमार के अनुसार, नवरात्र से वाहनों की बिक्री बढ़ने लगती है और यह सिलसिला दिवाली तक जारी रहता है। सबसे अधिक डिलीवरी अष्टमी, नवमी, धनतेरस और दिवाली के आसपास होती है।
सात दिन में पंजीकरण कराना अनिवार्य
परिवहन विभाग के मुताबिक, वाहन खरीदने के सात दिन के भीतर उसका पंजीकरण कराना अनिवार्य है। निर्धारित अवधि में पंजीकरण नहीं कराने पर वाहन पर लगने वाले रोड टैक्स का पांच प्रतिशत जुर्माना निर्धारित है। पंजीकरण लंबित रहने पर जुर्माना हर माह जारी रहने का प्रावधान बताया गया है। बिना पंजीकरण वाहन को सड़क पर चलाने की भी अनुमति नहीं है।
तीन से चार दिन में लग रही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट
वाहन डीलरों के अनुसार, नए वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने में तीन से चार दिन का समय लग रहा है। नंबर प्लेट का शुल्क वाहन की बिक्री के दौरान ही लिया जा रहा है। ऐसे में त्योहारी सीजन में वाहन खरीदने वाले ग्राहकों को डिलीवरी के साथ पंजीकरण और नंबर प्लेट की प्रक्रिया समय पर पूरी कराने पर ध्यान देना होगा।
