-काम में विभिन्‍न संगठनों का सहयोग लेने की अपील
-अधिकारियों को नियमित रूप से समीक्षा का भी निर्देश

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत जिले में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित स्व-गणना कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा डीएम मेधा रूपम ने की। प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रमुख जनगणना अधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी समय से सुनिश्चित की जाए। जिन कार्मिकों ने अभी तक जनगणना कार्य के लिए निर्धारित पोर्टल पर लॉगिन नहीं किया है, वह तत्काल यह प्रक्रिया पूर्ण करें, ताकि जनगणना संबंधी दायित्वों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन किया जा सके। सभी विभागों के कार्यालय अध्यक्षों को निर्देशित किया कि अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करते हुए विभाग में कार्यरत सभी कार्मिकों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। सभी कार्यालय अध्यक्ष इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए नियमित रूप से इसकी प्रगति की समीक्षा करें।

संगठनों का लें सहयोग
स्व-गणना के प्रति जनसामान्य को जागरूक करने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि हाईराइज सोसाइटियों की आरडब्ल्यूए एवं एओए, श्रमिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों एवं अन्य संबंधित संस्थाओं का सहयोग लिया जाए। इनके माध्यम से नागरिकों को स्व-गणना की प्रक्रिया एवं इसके महत्व की जानकारी दी जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग स्वयं और अपने परिवार की स्व-गणना निर्धारित समयावधि में पूरी कर सकें। प्रमुख जनगणना अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम में तेजी लाने तथा प्रतिदिन की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने के लिए सम्बन्धित अधिकारी अपने-अपने दायित्व का शत् प्रतिशत निर्वहन करें एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर अधिकाधिक आम जनमानस की स्व-गणना सुनिश्चित कराने के लिए प्रभावी प्रयास करें।