द न्यूज गली, नोएडा : नोएडा के सेक्टर-62 स्थित जयपुरिया चौराहे पर शनिवार को चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सरिया चोरी करने वाले गिरोह का कथित सरगना राजू सिंह उर्फ राजा पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे और उसके साथी राहुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। बाद में दोनों की निशानदेही पर गिरोह के दो अन्य सदस्यों अर्जुन और सुनील को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपितों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, नकदी, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।पुलिस के मुताबिक, शनिवार को सेक्टर-58 थाना पुलिस की टीम जयपुरिया चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे डी पार्क की तरफ भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो डी पार्क के सामने घुमावदार सड़क पर उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देख आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में राजू सिंह उर्फ राजा के पैर में गोली लगी, जबकि राहुल सिंह को घेराबंदी के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
निर्माणाधीन साइटों से सरिया चोरी करते थे
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे निर्माणाधीन साइटों की रेकी कर सरिया चोरी करते थे और उसे गाजियाबाद के एक कबाड़ी को बेच देते थे। उनके मुताबिक, पिछले एक महीने में अलग-अलग साइटों से 15 से 16 बार सरिया चोरी किया गया। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने अर्जुन और सुनील को स्कूटर रेहड़े समेत खोड़ा रोड से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि सरिया चोरी के मामले में सेक्टर-58 थाने में मुकदमा दर्ज है। वहीं, आरोपितों के कब्जे से बरामद अपाचे मोटरसाइकिल के संबंध में सेक्टर-20 थाने में वर्ष 2022 में चोरी का मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार, राजू सिंह उर्फ राजा गिरोह का कथित सरगना है और उसके खिलाफ दिल्ली-एनसीआर में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से अपाचे मोटरसाइकिल, 2,500 रुपये नकद, .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, राजू के खिलाफ चोरी समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। राहुल, अर्जुन और सुनील का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
