द न्यूज़ गली, ग्रेटर नोएडा: करप्शन फ्री इंडिया संगठन की बैठक कासना स्थित कार्यालय पर संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय के नेतृत्व में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सर्वसम्मति से मास्टर दिनेश नागर को जनपद गौतम बुद्ध नगर का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया।करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक सदस्य आलोक नागर ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर के विभिन्न सरकारी विभागों में लगातार बढ़ रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ संगठन अब व्यापक स्तर पर आंदोलन करेगा। मास्टर दिनेश नागर के नेतृत्व में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जनजागरण अभियान चलाकर आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि करप्शन फ्री इंडिया संगठन गांव, गरीब, किसान एवं मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ लड़ेगा। इसके साथ ही जनपद में शिक्षा और चिकित्सा के नाम पर आम जनता से की जा रही कथित लूट एवं मनमानी के विरोध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इन जनहित के मुद्दों को लेकर आवश्यकता पड़ने पर बड़े स्तर पर आंदोलन भी किया जाएगा। मास्टर दिनेश नागर ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने के साथ-साथ गांव, गरीब, किसान और मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष करेंगे।

इस दौरान चौधरी प्रवीण भारतीय, आलोक नागर, प्रेमराज भाटी, प्रेम प्रधान, कुलबीर भाटी, प्रताप नागर ,नीरज भड़ाना, गौरव भाटी, अमनेश नागर, तेजवीर चौहान, धर्मेंद्र भाटी आदि लोग मौजूद थे

।