-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ ने आरडब्‍ल्‍यूए प्रतिनिधियों के साथ की वार्ता

-16 से 30 नवंबर तक होगी स्‍व-गणना

 

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जनगणना को सफल बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनगणना के दूसरे चरण के तहत एक दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या की गणना का कार्य किया जाएगा। इससे पहले 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आमजन को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा दी जाएगी। इसके माध्यम से नागरिक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे।शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के के सीईओ और नगर जनगणना अधिकारी सुमित यादव की अध्यक्षता में ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, ओएसडी अभिषेक पाठक और ओएसडी लवगीत कौर की मौजूदगी में बोर्ड रूम में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राधिकरण क्षेत्र की विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) और अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। नगर जनगणना अधिकारी ने सभी प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने सेक्टरों और आवासीय सोसायटियों में अधिक से अधिक लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें, ताकि जनगणना में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके।

 

यहां पर दे सकते हैं विवरण

स्व-गणना के लिए नागरिकों को https://se.census.gov.in पोर्टल पर ब्यौरा देना होगा। सबसे पहले अपने राज्य का चयन कर पसंदीदा भाषा चुननी होगी। इसके बाद मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी सत्यापन करना होगा। पोर्टल पर परिवार के मकान और आवासीय स्थान से संबंधित जानकारी भरने के साथ परिवार के सभी सदस्यों का विवरण दर्ज करना होगा। फॉर्म पूरा करने के बाद उसे सबमिट करना होगा। स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नागरिकों को एक विशेष स्व-गणना आईडी (SE ID) प्राप्त होगी। इसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है। जनगणना कर्मी घर पहुंचकर इसी आईडी के माध्यम से दर्ज जानकारी का सत्यापन करेंगे। यदि आईडी का मिलान नहीं होता है तो परिवार के सदस्यों का विवरण दोबारा दर्ज किया जा सक

ता है।