द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: विश्व भारती पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा में महान शिक्षाविद् एवं प्रेरणास्रोत स्वर्गीय एसएन गंजू की पावन स्मृति को समर्पित एसएन गंजू मेमोरियल अंतर-विद्यालयीय वाद-विवाद प्रतियोगिता–2026′ का भव्य आयोजन किया गया। जिसका विषय था The pursuit of Technological progress without ethical restraint threatens the future of humanity, अर्थात् नैतिक संयम के बिना तकनीकी प्रगति की खोज मानवता के भविष्य के लिए खतरा है। एसएन गंजू के शिक्षा के प्रति समर्पण, दूरदर्शी सोच एवं शैक्षिक मूल्यों को स्मरण करते हुए आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, स्वतंत्र विचार अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना था। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्जवलन व दुर्गा वंदना के साथ हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ शालू पिल्लई ने विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ० एसके कॉल, उपाध्यक्ष एमएल नक्काशी, महासचिव डॉ० वीके गंजू , सचिव संजीव भट्ट, डॉ. सरोज कॉल, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र सहगल ,अमिता गंजू (प्रधानाचार्या नोएडा) , डिम्पल पुरी (प्रधानाचार्या गाजियाबाद), निर्णायक गण सोनाली मारवाह ,गायत्री नायर,दीपा वाधवा, व अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया और कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में विचारशीलता और संतुलित दृष्टिकोण विकसित करती हैं। सभी गणमान्य अतिथियों ने स्वर्गीय एसएन. गंजू के शिक्षा के क्षेत्र में योगदान एवं उनके आदर्शों को स्मरण किया। प्रतियोगिता में दिल्ली एनसीआर के 20 से अधिक स्कूलों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद वाद-विवाद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपने प्रभावशाली तर्कों एवं विचारों से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के विचारों एवं प्रस्तुति की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन एवं परिणाम घोषणा के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह आयोजन स्वर्गीय एसएन गंजू के शैक्षिक दृष्टिकोण एवं आदर्शों को आगे बढ़ाने तथा युवा पीढ़ी में बौद्धिक चेतना और अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।