-दुकानों से प्रतिबंधित पॉलिथीन की गई जब्त
-खुले में कूड़ा डालने वालों पर भी की गई कार्रवाई
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा:ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शहर को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग के विरुद्ध जागरुकता अभियान चलाया गया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ बलकार सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान नागरिकों, दुकानदारों एवं रेहड़ी-पटरी संचालकों को प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने के लिए जागरूक किया गया। अभियान के अंतर्गत कासना, सेक्टर डेल्टा-1 की मार्केट सहित ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चला कर निरीक्षण किया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक एवं प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग करने वाले दुकानदारों तथा रेहड़ी-पटरी संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। मौके पर प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त की गई तथा उल्लंघनकर्ताओं पर लगभग 16 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया।

कूड़ा डालने वालों पर भी कार्रवाई
प्राधिकरण के द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत खुले में कूड़ा डालने वालों पर भी कार्रवाई की गई। लोगों को चेतावनी दी गई कि दोबारा खुले में कूड़ा न डालें। प्राधिकरण की तरफ से प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण एवं वितरण पर रोक लगाने के लिए नियमित रूप से जागरुकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण को कम करना, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना तथा नागरिकों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने नागरिकों, व्यापारियों एवं रेहड़ी-पटरी संचालकों से अपील की है कि वे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 का पालन करें, सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग बंद करें तथा प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े, जूट एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाएं। सभी नागरिकों के सामूहिक सहयोग से स्वच्छ, सुंदर एवं प्रदूषण मुक्त ग्रेटर नोएडा के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है।
