द न्यूज गली, नोएडा : थाना सेक्टर-113 पुलिस ने ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट और ऐप के माध्यम से लोगों से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन लैपटॉप, 26 मोबाइल फोन, 20 सिम कार्ड, पांच एटीएम कार्ड, दो पैन कार्ड, तीन वाई-फाई राउटर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, बुधवार को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-79 क्षेत्र में कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साई कुमार (25), पंडाला सतीश (31), पांडुरंगा (22) और उदयकुमार (19) के रूप में हुई है। सभी मूल रूप से दक्षिण भारत के विभिन्न राज्यों के निवासी हैं और वर्तमान में सेक्टर-79 में रह रहे थे।

सोशल मीडिया पर प्रसारित करते थे विज्ञापन
जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन प्रसारित कर लोगों को पैसे दोगुने करने का लालच देते थे। इसके बाद उन्हें ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट vlbook247.com और संबंधित ऐप से जोड़कर ठगी का शिकार बनाया जाता था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के लैपटॉप और मोबाइल फोन से प्राप्त डाटा की जांच में “लक्ष्मी ट्रेडर्स” नामक बैंक खाते के माध्यम से करीब 2.4 करोड़ रुपये के संदिग्ध ऑनलाइन लेन-देन के साक्ष्य मिले हैं। साथ ही विभिन्न व्यक्तियों से साइबर ठगी किए जाने के प्रमाण भी प्राप्त हुए हैं।