द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के लुकसर स्थित जिला जेल में बंद साइबर ठगी के आरोपी बंदी की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जेल प्रशासन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान विनय समानिया के रूप में हुई है, जो पिछले करीब एक वर्ष से जेल में बंद था।

3 करोड़ से अधिक की ठगी का आरोप
विनय समानिया पर ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर एक महिला वकील से ₹3.29 करोड़ की साइबर ठगी करने का आरोप था। इस मामले में इकोटेक प्रथम थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

घटना की सूचना मिलने पर इकोटेक प्रथम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। शुरुआती तौर पर कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।