-एक अगस्त को होगा स्वागत एवं अभिनंदन समारोह
-एक धड़े की तैयारी से दूसरे धड़े में मची है हडकंप
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दादरी विधानसभा में नए समीकरण की तैयारी शुरू हो गई है। जिसकी रूपरेखा एक अगस्त को होने वाले आत्मनिर्भर भारत संकल्प सभा में लिखी जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन दादरी के आरवी नार्थलैंड कॉलेज में होगा। जहां पर भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी व भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर का भव्य स्वागत होगा। आयोजन में बीस हजार की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसके जरिए क्षेत्र में अपनी ताकत का संदेश पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दिया जाएगा। इसके लिए गांव-गांव में बैठक व संपर्क का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की जा रही है। आयोजन को सफल बनाने के लिए पार्टी के एक धड़े ने पूरी ताकत झोंक दी है तो दूसरे धड़े की बेचैनी बढ़ी हुई है।
2027 पर नजर
कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। चर्चा है कि कार्यक्रम के जरिए विधानसभा चुनाव-2027 पर नजर है। दादरी विधानसभा सीट पर पार्टी के एक बड़े कद्दावर नेता की नजर है। जिसका प्रमुख कारण है कि यह सीट गुर्जर बाहुल है और टिकट मिलने पर जीत पक्की है। कद्दावर नेता की पार्टी में भी मजबूत पकड़ है। सभा में जुटाई गई भीड़ के जरिए कद्दावर नेता पार्टी के नेताओं को टिकट की दौड़ में आगे रहने का संदेश देना चाहते हैं। सूत्रों की माने तो कद्दावर नेता ने टिकट के लिए अंदरखाने में पूरी बिसात बिछा दी है लेकिन टिकट के लिए खुले मैदान में अभी नहीं उतरे हैं। दादरी विधानसभा सीट से टिकट की चाह में जिन नेताओं के द्वारा झंडा, बैनर, पोस्टर व वाल पेंटिंग के माध्यम से माहौल बनाया जा रहा है कद्दावर नेता के आगे वह सब बौने हैं।
