द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बिसरख थाना क्षेत्र स्थित आरसीजी क्रिकेट ग्राउंड में गाली-गलौज के विवाद में एक युवक की गला दबाकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने घटना के आरोपी गोविन्द शर्मा को रोजा याकूबपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से बीयर की दो बोतलें, देसी शराब के दो पाउच, नमकीन के दो खाली पाउच, दो प्लास्टिक के गिलास और उसकी चप्पल बरामद हुई है।

साथ बैठकर पी रहे थे शराब
पुलिस ने बताया कि गोविन्द शर्मा रोजा जलालपुर में किराये पर रहकर पिछले करीब चार वर्षों से कारपेंटर का काम करता है। वह अक्सर क्रिकेट मैच देखने आरसीजी क्रिकेट ग्राउंड जाता था। इसी दौरान उसकी दोस्ती ग्राउंड में काम करने वाले जसवीर मौर्य से हो गई। जसवीर क्रिकेट ग्राउंड में बनी कोठरी में अकेला रहता था और स्टेडियम की साफ-सफाई, देखरेख व घास काटने का काम करता था।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि एक अगस्त को दोनों क्रिकेट ग्राउंड में जसवीर की कोठरी के सामने बैठकर शराब और बीयर पी रहे थे। इसी दौरान जसवीर गाली-गलौज करने लगा। गाली देने से मना करने पर जसवीर ने आरोपी को धक्का दे दिया। इससे वह जमीन पर गिर गया और उसके बाएं कंधे में चोट लग गई। गुस्से में आरोपी ने भी जसवीर को धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गया।आरोप है कि इसके बाद गोविन्द जसवीर के सीने पर बैठ गया और दोनों हाथों से उसका गला दबा दिया। काफी देर तक गला दबाने के बाद जसवीर की हरकत बंद हो गई। आरोपी ने उसकी मौत होने की आशंका में मौके से भागने का फैसला किया। भागते समय उसकी चप्पल घटनास्थल पर छूट गई।लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।