-यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए जारी हुआ आदेश
-उल्लंघन करने पर होगी कड़ी कार्रवाई
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आस-पास कड़ा प्रतिबंध लगाया गया है। जिसके तहत लेजर बीम एवं कृत्रिम रोशनी के उपयोग पर पूरी तहर से प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह प्रतिबंध एयरपोर्ट के 27 किलोमीटर के दायरे में लगाया गया है। डीएम ने कहा है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट क्षेत्र के 27 किलोमीटर के दायरे में लेजर का बिना अनुमति के इस्तेमाल करना एविएशन सुरक्षा नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। यदि कोई व्यक्ति नियम का पालन नहीं करता है तो लागू कानून के तहत जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह है नियम
भारतीय वायुयान अधिनियम, 2024 तथा एयरक्राफ्ट रूल्स, 1937 के नियम 66(1) के अंतर्गत नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास 27 किलोमीटर के दायरे में आने वाले प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कृत्रिम रोशनी जैसे लेजर बीम, शो या डिस्प्ले का इस्तेमाल पूरी तरह से प्रतिबंधित होगा। विमान चलाने के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए नियम लागू हुआ है। ज्ञात हो कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू हो गई है। एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
