-2019 से अभी तक जुर्माना जमा नहीं कर रही हैं सोसायटी
-सीवरेज को शोधित किए बिना नाले में पानी बहाने का था मामला

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट के साथ ही शहर की अन्‍य सोसायटियों में नियमों का घोर उल्‍लंघन हो रहा था। सोसायटियों में सीवरेज शोधित संयंत्र (एसटीपी) के संचालन में लापरवाही बरती जा रही थी। एसटीपी का संचालन मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा था। सीवर के पानी को बिना शोधित किए ही नाले में बहाया जा रहा था। कार्रवाई करते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 167 सोसायटियों पर 9.42 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया था। सोसायटियों के द्वारा जुर्माने की राशि जमा नहीं की जा रही है। आगे की कार्रवाई करते हुए प्राधिकरण ने सभी सोसायटी के खिलाफ आरसी जारी कर दी है। वसूली के लिए आरसी को डीएम कार्यालय भेज दिया गया है।

मिली थी यह गड़बड़ी
जांच में प्राधिकरण की टीम ने पाया था कि कई सोसायटी में एसटीपी बंद था। सीवरेज के गंदे पानी को शोधित किए बिना ही नालों में बहाया जा रहा था। साथ ही शोधित जल को पुनः उपयोग में नहीं लाया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर ऐसे सोसाइटियों पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की गई। प्राधिकरण अधिकारी का कहना है कि 2019 से लेकर मई 2026 तक 167 सोसाइटियों पर करीब 9.42 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया था। कई बार नोटिस जारी करने के बाद भी बिल्डर और एओए जुर्माना राशि जमा नहीं कर रहे हैं। अब सभी के खिलाफ आरसी जारी कर दी गई है। इसमें प्रमुख रूप से सुपरटेक इको विलेज-1,2, पंचशील हाइनिश, एसीई एस्पायर, अरिहंत आर्डेन, आरसिटी रेजेंसी, गौड़ सिटी 10वें एवेन्यू, पंचशील ग्रीन-1, पाम ओलंपिया, गैलेक्सी नार्थ एवेन्यू, हिमालया प्राइड, हैबिटेक पंचतत्व, महागुन, गैलेक्सी रॉयल, गौड़ सिटी 11वें एवेन्यू, समृद्धि गार्डन एवेन्यू, चेरी काउंटी, फ्यूजन होम्स, ग्रीनआर्च, आनंदम सोसाइटी एनटीपीसी, संस्कृति विहार 10वें एवेन्यू, गौर सिटी सेंटर, स्टेलर जीवन सहित अन्‍य सोसायटी शामिल है।