-एक घटना में बाल-बाल बचे परिवार के सदस्य
-दूसरी घटना में ओपन एरिया में खड़ी कार क्षतिग्रस्त
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक के बाद सोसायटी में प्लास्टर गिरने की घटनाएं हो रही है। एक साथ दो सोसायटी में प्लास्टर गिरने की घटनाएं हुई। एक घटना में परिवार के दो सदस्य बाल-बाल बच गए। जबकि दूसरी घटना में सोसायटी के ओपन एरिया में खड़ी कार क्षतिग्रस्त हो गई। लगातार प्लास्टर गिरने के मामले सामने आने के बाद सोसायटी में रहने वाले लोग डरे हैं। लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाने के साथ ही सोसायटी में मेंटेनेंस कराने की मांग की है।

इस सोसायटी में हादसा
प्लास्टर गिरने की पहली घटना ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा ली गार्डेन सोसायटी में हुई। सोसायटी के एक फ्लैट के कमरे में छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा बिस्तर पर गिरा। कमरे में ही एक महिला व बच्चा बैठा हुआ था, गनीमत थी कि प्लास्टर उनके ऊपर नहीं गिरा अन्यथा वह दोनों गंभीर रूप से घायल हो सकते थे। प्लास्टर गिरने से कमरे में रखा कुछ सामान टूट गया। प्लास्टर गिरने की दूसरी घटना सुपरटेक ईकोविलेज-वन सोसायटी में हुई। सोसायटी के 20 वें फ्लोर से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा ओपन एरिया में खड़ी कार पर गिरा। प्लास्टर के कारण कार का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
