-कुछ लोगों ने बिना चुनाव ही गठित कर दी थी कमेटी
-सेक्टर में 5 जुलाई को होगा आरडब्ल्यूए का चुनाव
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: शहर के विभिन्न सेक्टरों में आरडब्ल्यूए चुनाव को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है। इसमें प्रमुख रूप से सेक्टर गामा एक, सेक्टर बीटा दो, सेक्टर अल्फा दो, सेक्टर अल्फा एक और अन्य सेक्टर शामिल हैं। अल्फा एक सेक्टर में चुनाव का मामला तो हाईकोर्ट तक पहुंच गया था। चुनाव कराने के लिए सेक्टर के कुछ लोग अभी भी संघर्ष कर रहे हैं। गामा एक सेक्टर में विधिवत आरडब्ल्यूए का चुनाव कराने की बजाए कुछ लोगों ने मनमर्जी करते हुए नई कमेटी बना ली थी। चुनाव कराने के लिए सेक्टर के कुछ लोग न्यायालय की शरण में गए थे, लगभग एक साल के लंबे संघर्ष के बाद उन्हें बड़ी जीत मिली है। डिप्टी रजिस्ट्रार ने सेक्टर में चुनाव कराने की घोषणा कर दी है। जिसके बाद से सेक्टर के लोगों में खुशी है।
इस तिथि में होगा चुनाव
गामा एक सेक्टर में चुनाव के लिए डिप्टी रजिस्ट्रार ने कार्यक्रम घोषित कर दिया है। जिसके तहत चुनाव के लिए 17 जून को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। 18 जून को चुनाव लड़ने के इच्छुक लोग नामांकन दाखिल करेंगे। अंतिम नामांकन पत्रों का प्रदर्शन 4 जुलाई को होगा। सेक्टर में 5 जुलाई को मतदान होगा। मतगणना के बाद उसी दिन परिणाम की घोषणा भी कर दी जाएगी। चुनाव संबंधी सभी चीजें सेक्टर के सामुदायिक केंद्र में होगी। 14 जून को सेक्टर के लोगों की एक बैठक बुलाई गई है, जिसमें विस्तृत चुनाव कार्यक्रम की घोषणा सार्वजनिक रूप से की जाएगी।
