-मकनपुर बांगर गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में आयोजित हुआ कार्यक्रम
-स्‍कूल को दान दी गई शैक्षकिण सामग्री

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: कुम्भाभोज वेलफेयर फाउंडेशन के अनुरोध पर शालिनी सिंह (सुपुत्री पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह) ने मकनपुर बांगर स्थित प्राथमिक विद्यालय को डिजिटल शिक्षा सुविधाओं के विकास हेतु शैक्षणिक सामग्री दान के रूप में प्रदान की। उन्‍होंने स्‍कूल को 2 सेट स्मार्ट बोर्ड प्रोजेक्टर सहित, 5 सीलिंग फैन, 25 कुर्सियाँ, 25 टेबल, 2 बड़ी बैटरी, 1 बड़ा इन्वर्टर, 3 ऑफिस टेबल एक ऑफिस कुर्सी सहित अन्य आवश्यक सामान दिया। मकनपुर बांगर गांव में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों सहित क्षेत्र के सैकड़ों सम्मानित लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने शालिनी सिंह का स्वागत किया और उनके इस उदार योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

स्‍कूलों में हो सुविधाएं
इस अवसर पर शालिनी सिंह ने कहा कि शिक्षा हमारे समाज का आधार है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूलों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कुम्भाभोज वेलफेयर फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की। कुम्भाभोज वेलफेयर फाउंडेशन शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत है। फाउंडेशन के माध्यम से विभिन्न गांवों और जरूरतमंद क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शालिनी सिंह को जोधपुरी साफा पहनाकर और पुष्पगुच्छ देकर कर उनका अभिनंदन और स्वागत किया। इस मौके पर श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर धीरज सिंह, कारोबारी आर्यन प्रताप सिंह, हरेंद्र भाटी, वरिष्ठ समाजसेवी फिरे चौहान, बिजेंद्र प्रधान, प्रताप प्रधान, जयपाल प्रधान, विजयपाल प्रधान, कृष्णपाल प्रधान, भारतपाल सिंह फौजी, सतीश भाटी, गिर्राज शर्मा, विनोद कुमार सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।