द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के आह्वान पर दिल्ली जा रहे किसानों को पुलिस प्रशासन द्वारा गांव चपरगढ़ और यमुना एक्सप्रेसवे टोल पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया गया। सैकड़ों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ दिल्ली कूच के लिए निकले थे। पुलिस द्वारा बैरिकेड लगाकर रोके जाने से नाराज किसानों ने वहीं पर धरना शुरू कर दिया और नारेबाजी की। इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना ने कहा कि किसानों को दिल्ली जाने से रोकना लोकतंत्र की हत्या है। किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर जंतर मंतर दिल्ली जा रहे थे, सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए थी, न कि उन्हें रोकना चाहिए। जिला मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने कहा कि जब तक किसान, मजदूर, व युव को इंसाफ नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा। देश का हर किसान, मजदूर, युवा इस लड़ाई में एकजुट हैं। बाद में किसानों ने अपनी मांगों का ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा।