-एक्सप्रेस वे पर टोल दरों में बढ़ोत्तरी की है तैयारी
-जनहित में निर्णय स्थगित करने की मांग
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल दरों में वृद्धि के लिए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने प्रस्ताव तैयार किया है। इससे यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले लोगों की जेब पर भार पड़ेगा। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने यमुना एक्सप्रेसवे पर प्रस्तावित टोल वृद्धि पर चिंता जताई है। विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर जनहित में निर्णय स्थगित करने की मांग की है। विधायक का कहना है कि वर्तमान वैश्विक एवं राष्ट्रीय आर्थिक परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर प्रस्तावित टोल शुल्क वृद्धि पर रोक लगनी चाहिए। विधायक ने मामले में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को भी एक पत्र भेजा है।
आर्थिक दबाव में नागरिक
विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व अत्यंत संवेदनशील आर्थिक एवं भू-राजनीतिक परिस्थितियों से गुजर रहा है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता का सीधा प्रभाव भारत सहित समूचे विश्व की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। देश में पहले से ही ईंधन, परिवहन एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण आम नागरिक आर्थिक दबाव महसूस कर रहा है। ऐसे समय में यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल शुल्क में वृद्धि लाखों दैनिक यात्रियों, किसानों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, छोटे व्यापारियों एवं उद्योगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालेगी। उन्होंने कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं एनसीआर क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों की प्रमुख जीवनरेखा बन चुका है। ऐसे में वर्तमान परिस्थितियों में तत्काल टोल वृद्धि जनभावनाओं के अनुरूप नहीं मानी जा सकती। धीरेन्द्र सिंह ने प्राधिकरण एवं राज्य सरकार से आग्रह किया है कि जनहित, महँगाई एवं वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित टोल वृद्धि पर पुनर्विचार किया जाये तथा इसे स्थगित अथवा निरस्त किया जाए।
