-निर्माण कार्य के कारण आए दिन लगता है जाम
-निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चारमूर्ति गोलचक्कर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के द्वारा पिछले लगभग एक वर्ष से अंडरपास का निर्माण कराया जा रहा है। लंबा समय बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण वहां पर आए दिन जाम लगता है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों के लिए लंबे समय से नासूर बन चुके ट्रैफिक जाम और चार मूर्ति चौक पर निर्माणाधीन अंडरपास की धीमी रफ्तार के खिलाफ नेफोमा सदस्यों ने चार मूर्ति चौक पर सांकेतिक प्रदर्शन किया। इस दौरान नेफोमा पदाधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अंडरपास का निर्माण शीघ्र पूरा कर यातायात व्यवस्था सामान्य करने की मांग की।
आए दिन जाम
नेफोमा अध्यक्ष अन्नू ख़ान का कहना है कि नोएडा एक्सटेंशन की लगातार बढ़ती आबादी के अनुपात में प्राधिकरण की यातायात व्यवस्था विकसित नहीं हो पाई है। नोएडा एक्सटेंशन के लाखों निवासी रोजाना ट्रैफिक जाम की समस्या झेलने को मजबूर हैं। चार मूर्ति चौक पर बनने वाला अंडरपास इस समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद था, लेकिन निर्माण में लगातार देरी से लोगों की परेशानी कम होने के बजाय बढ़ती जा रही है। प्राधिकरण की ओर से अंडरपास को लेकर समय-समय पर अलग-अलग समय सीमा बताई जाती रही है। 2024 में निर्माण कार्य शुरू हुआ था फरवरी 2026 में इसके जून तक शुरू होने की उम्मीद जताई गई थी, जबकि मई 2026 में प्राधिकरण की ओर से 15 अगस्त 2026 तक इसे खोलने की संभावना बताई गई। नेफोमा संगठन मंत्री कृष्णा नंद ने कहा कि घनी आबादी वाले ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जिस परियोजना से जाम की समस्या का समाधान होना था, निर्माण की धीमी गति के कारण वही परियोजना फिलहाल लोगों की परेशानी का एक कारण बन गई है। शुरू में इसकी मूल निर्माण समयसीमा 18 महीने रखी गई थी। नेफोमा कोषाध्यक्ष उमेश सिंह ने कहा कि चार मूर्ति चौक और आसपास के मार्गों पर यातायात की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। हालात यह हैं कि जिस सफर को सामान्य परिस्थितियों में कुछ मिनटों में पूरा होना चाहिए, उसमें कई बार घंटों लग जाते हैं। इससे नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, किरायेदारों और स्थानीय निवासियों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। सदस्यों ने मांग की कि चार मूर्ति अंडरपास का निर्माण युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए, अंडरपास की स्पष्ट और अंतिम उद्घाटन तिथि सार्वजनिक की जाए। निर्माण स्थल पर 24 घंटे कार्य की निगरानी और पर्याप्त संसाधन सुनिश्चित किए जाएं। निर्माण पूरा होने तक वैकल्पिक मार्गों और सर्विस रोड की यातायात व्यवस्था को बेहतर किया जाए। प्रदर्शन में नेफोमा अध्यक्ष अन्नू ख़ान, संगठन मंत्री कृष्णा नंद, कोषाध्यक्ष उमेश सिंह, सदस्य नितिन राणा, पंकज शर्मा, राहुल यादव और संतोष सिंह उपस्थित थे।
