-वन विभाग ने कंट्रोल रूम का नंबर किया जारी
-डीएम ने कांवड यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारी पूरी करने का दिया था निर्देश

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम मेधा रूपम ने हाल ही में विभिन्‍न विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। निर्देश दिया था कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पूर्व मार्ग पर सभी व्‍यवस्‍थाएं दुरुस्‍त कर ली जाएं। जांच में सामने आया था कि बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में जीटी रोड पर पड़ने वाले कांवड़ मार्ग में कुछ स्‍थानों पर अतिक्रमण किया गया है। शुक्रवार को एनएचएआई की टीम ने बादलपुर कोतवाली पुलिस के साथ जीटी रोड से अतिक्रमण हटाया। अभियान के दौरान अवैध अतिक्रमण को गिरा दिया गया। साथ ही दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

तैयारी में जुटे अन्‍य विभाग
डीएम के निर्देश के बाद अन्‍य विभाग भी अपने-अपने स्‍तर से तैयारी में जुटे हुए हैं। कावंड़ मार्ग पर जहां-जहां रोड टूटी है उसे दुरुस्‍त करने का काम किया जा रहा है। जिन स्‍थानों पर स्‍ट्रीट लाइट बंद है उसे भी सही कराया जा रहा है। कावंड़ मार्ग पर पड़ने वाली झाडियों एवं पेड़ों की टहनियों की छंटाई तथा आंधी व बारिश में पेड़ गिरने की स्थिति में उन्‍हें तत्‍काल हटवाए जाने के लिए वन विभाग के द्वारा कंट्रोल रूम स्‍थापित किया गया है। कंट्रोल रूम के लिए कुलदीप कुमार व अनामिका सिंह को नामित किया गया है। कुलदीप कुमार का मोबाइल नंबर 8447619244 व अनामिका सिंह का मोबाइल नंबर 9456031509 जारी किया गया है।