द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बिसरख थाना पुलिस ने कैपिटल एथिना सोसाइटी में हुई करीब 10 लाख रुपये की ज्वैलरी चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया है।पुलिस ने बताया कि 1 सितंबर 2026 को कैपिटल एथिना सोसाइटी के एक फ्लैट में चोरी हुई थी। चोर घर से सोने के दो कंगन, एक अंगूठी, दो कान के टॉप्स, रोज गोल्ड की चेन-अंगूठी समेत अन्य सामान चोरी कर ले गया था। मामले में पीड़ित की शिकायत पर थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज किया गया था।जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सोहेब पुत्र सफीक, निवासी आनंद विहार कॉलोनी, थाना मसूरी-डासना, गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
सामने वाले फ्लैट को बनाया निशाना
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कैपिटल एथिना सोसाइटी के टावर-6 में एक फ्लैट में कारपेंटर का काम कर रहा था। जिस फ्लैट में वह काम कर रहा था, उसके ठीक सामने दूसरा फ्लैट था। आरोपी को पता था कि दूसरे फ्लैट में कोई मौजूद नहीं है। 1 सितंबर को मौका देखकर वह किचन के रास्ते सामने वाले फ्लैट में घुस गया। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी से ज्वैलरी और अन्य सामान चोरी कर लिया और उसी रास्ते वापस बाहर निकल आया।
लाखों की ज्वैलरी बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से रोज गोल्ड का सेट, जिसमें चेन, दो टॉप्स और डायमंड लगी अंगूठी शामिल है, इसके अलावा पीली धातु के छह कंगन और एक अंगूठी, सफेद धातु का ब्रेसलेट, चेन, तीन बिछवे और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने मुकदमे से संबंधित 537 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। बरामद चोरी के माल की कीमत पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये बताई है। गिरफ्तार आरोपी सोहेब की उम्र 21 वर्ष है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और चोरी की अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जांच कर रही है।
