-हक के लिए किसानों का लंबे समय से जारी है प्रयास
-घोड़ी बछेड़ा गांव से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण तक होगा पैदल मार्च
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: शेष 4 प्रतिशत प्लाट के लिए विभिन्न गांवों के किसानों का प्रयास पिछले लंबे समय से चल रहा है। हक पाने के लिए किसानों ने जनप्रतिनिधियों के साथ ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को भी ज्ञापन दिया था। साथ ही कुछ सप्ताह पूर्व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर प्रदर्शन भी किया था। अब किसानों ने पैदल मार्च निकालने का निर्णय लिया है। पैदल मार्च 2 सितंबर को निकाला जाएगा। मार्च में बड़ी संख्या में किसान शामिल हों इसके लिए गांव-गांव में संपर्क साधने का दौर शुरू हो गया है।

प्राधिकरण तक निकालेंगे मार्च
शेष 4 प्रतिशत प्लॉट के हक को लेकर 44 गांवों के किसानों का जनजागरण अभियान लगातार तेज हो रहा है। किसानों ने 2 सितंबर को होने वाले पैदल मार्च में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने के लिए ग्रामीणों से अपील की है। किसान प्रतिनिधियों का कहना है कि शेष 4 प्रतिशत प्लॉट किसानों का हक है और इस हक के लिए किसान पीछे नहीं हटेंगे। इसी मांग को लेकर 2 सितंबर को किसान घोड़ी बछेड़ा गांव से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण तक पैदल मार्च करेंगे और अपनी आवाज बुलंद करेंगे। किसानों ने कहा कि शेष 4 प्रतिशत प्लॉट हमारा हक है, इसे हम लेकर रहेंगे। 44 गांवों के किसानों से आह्वान किया गया है कि वह एकजुट होकर 2 सितंबर के पैदल मार्च को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं। किसान प्रतिनिधियों ने पैदल मार्च में सभी ग्रामीणों से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से बड़ी संख्या में मार्च में शामिल होने की अपील की है।
