द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-39 थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल वैगनार कार और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामद मोटरसाइकिलें दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से चोरी की गई थीं।पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को टीम ने गोदरेज बिल्डिंग के पीछे स्टेलर ग्रीन पार्क जाने वाली सड़क से रवि प्रताप, विमल शाक्य उर्फ सूर्या, प्रशांत सिंह और दीपांशु को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-39 थाने में बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

वैगनार से करते थे रेकी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे वैगनार कार से नोएडा और एनसीआर के विभिन्न इलाकों में घूमकर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही बाइक चोरी कर उसे किसी सुरक्षित स्थान पर छिपा देते थे। बाद में मजबूरी का बहाना बनाकर आम लोगों को गुमराह करते हुए चोरी की बाइक कम कीमत में बेच देते थे।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर टीवीएस, स्प्लेंडर और अपाचे समेत 12 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इनमें कुछ वाहन दिल्ली, चंडीगढ़ और गुरुग्राम में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाए गए हैं। बरामद वैगनार कार का नंबर UP16NT7684 है, जबकि दो चाकू भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में रवि प्रताप और विमल शाक्य समेत अन्य के खिलाफ दिल्ली, चंडीगढ़, गुरुग्राम और नोएडा में वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के वाहनों की बिक्री के नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।