द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-65 स्थित फिनटेक कंपनी का सर्वर हैक कर साइबर ठगों ने 2.42 करोड़ रुपये से अधिक की रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी। आरोपियों ने कंपनी के एपीआई पोर्टल को निशाना बनाकर कुछ घंटों में 497 ट्रांजेक्शन किए। ठगी की रकम 28 बैंकों के 58 खातों में भेजी गई। कंपनी के डायरेक्टर की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिनोवा पेटेक प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर राजकुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी फिनटेक सेवाएं उपलब्ध कराती है। कंपनी के माध्यम से मोबाइल रिचार्ज, बिल भुगतान, आधार आधारित निकासी और डोमेस्टिक मनी ट्रांसफर समेत अन्य सुविधाएं दी जाती हैं। कंपनी का कार्यालय सेक्टर-65 में स्थित है।
28 खातों में गई ठगी की रकम
पुलिस ने बताया कि 13 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे से शाम आठ बजे के बीच कंपनी के सर्वर से छेड़छाड़ कर एपीआई पोर्टल का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद साइबर ठगों ने 497 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 2,42,62,576 रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। कंपनी को लेनदेन में गड़बड़ी का पता चला तो रिकॉर्ड की जांच की गई, जिसके बाद साइबर ठगी का खुलासा हुआ। कंपनी की ओर से पुलिस को बताया गया है कि ठगी की रकम 28 अलग-अलग बैंकों के 58 खातों में पहुंची है। इन खातों और ट्रांजेक्शन से संबंधित जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराई गई है। मामले में नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर करीब 10 शिकायतें भी दर्ज कराई गई हैं। शिकायतों के नंबर भी पुलिस को दिए गए हैं।
सर्वर और एपीआई की तकनीकी जांच
साइबर थाना पुलिस अब कंपनी के सर्वर और एपीआई पोर्टल की तकनीकी जांच कर रही है। साथ ही रकम जिन बैंक खातों में पहुंची, उनके खाताधारकों और लेनदेन का ब्योरा जुटाया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने सर्वर और एपीआई पोर्टल तक किस तरीके से पहुंच बनाई। इसके अलावा ठगी की रकम को आगे किन-किन खातों में भेजा गया, इसकी भी जांच की जा रही है।
