-कलेक्ट्रेट जाने से रोका तो पानी की टंकी पर चढ़े अधिवक्ता
-आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की उठाई मांग

द न्‍यूज गली,ग्रेटर नोएडा: आरक्षण व्यवस्था में बदलाव और UGC से जुड़े मुद्दों के विरोध में बुधवार को दादरी की सड़कों पर बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के लोगों ने सड़क पर उतर विरोध दर्ज कराया। कलेक्ट्रेट तक प्रस्तावित पदयात्रा को प्रशासन द्वारा आगे बढ़ने से रोकने से नाराज युवा अधिवक्ता दादरी तहसील परिसर में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गए। झंडे लहराते हुए UGC रोल बैक के नारे लगाए। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत और आंदोलन में शामिल समाज के प्रबुद्ध लोगों की मध्यस्थता के बाद पुलिस-प्रशासन के अधिकारी उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने में सफल हुए।
आयोजित आंदोलन की अगुवाई सामाजिक कार्यकर्ता पंडित पीतांबर शर्मा ने की। आंदोलन को लेकर पिछले कई दिनों से दादरी क्षेत्र के गांवों में जनसंपर्क और बैठकें की जा रही थीं।

बढ़ता गया काफ‍िला
पैदल मार्च के काफ‍िले में लगातार लोगों की संख्‍या बढ़ती गई। आंदोलन में कपिल शर्मा एडवोकेट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा अधिवक्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों की योजना दादरी से पैदल चलते हुए सूरजपुर स्थित गौतमबुद्धनगर कलेक्ट्रेट पहुंचने की थी, लेकिन प्रशासन ने पदयात्रा को दादरी में ही रोक दिया। इससे प्रदर्शनकारियों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने दादरी तहसील के पास जमकर नारेबाजी की। कपिल शर्मा के साथ आंदोलन में शामिल हुए आक्रोशित युवा अधिवक्ता प्रमोद शर्मा एडवोकेट, विवेक रावल एडवोकेट, सचिन शर्मा एडवोकेट, पुष्प शर्मा एडवोकेट, यश दीक्षित एडवोकेट का एक समूह तहसील परिसर में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गए। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पुलिस और प्रशासन में हलचल तेज हो गई, अधिकारी लगातार युवाओं से बातचीत कर उन्हें सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाते रहे। करीब दो घंटे बाद सभी लोग नीचे उतरे, प्रदर्शनकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच वार्ता हुई। एसडीएम दादरी अभिनेंद्र सिंह को आंदोलनकारियों की मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान उनके साथ एडीसीपी और पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। आंदोलन से जुड़े लोगों ने कहा कि उनका विरोध किसी जाति अथवा धर्म के खिलाफ नहीं है। उन्होंने आरक्षण व्यवस्था में बदलाव तथा आर्थिक परिस्थितियों को अधिक महत्व दिए जाने की मांग उठाई। कपिल शर्मा ने कहा अभी यह आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि यह केवल शुरुआत है। इस अवसर पर ललित राणा, पंडित रामदत्त शर्मा, रामदेव रावल, मास्टर परमानंद शर्मा, रामवीर शर्मा एडवोकेट, सतपाल बजरंगी, राकेश त्यागी, निधि शर्मा एडवोकेट, संजय शर्मा एडवोकेट, प्रमोद शर्मा एडवोकेट, विवेक रावल, सुधीर वत्स, मास्टर रतनवीर, देवेंद्र त्यागी, परमानंद कौशिक, पुष्प शर्मा, जयप्रकाश शर्मा, ठाकुर ओमेंद्र सिंह, विनीत चौहान, राजकुमार शर्मा, सचिन शर्मा, दीपक शर्मा एडवोकेट, शिवकुमार पंडित, ज्ञान चंद, संदीप शर्मा, सोनू भगत, दिनेश शर्मा और बिन्नू राणा, राजेश दीक्षित, वेदपाल सिंह, संजय सिंह आदि प्रमुख रूप से शामिल थे।