द न्यूज गली, नोएडा : थाना सेक्टर-20 पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अट्टा मार्केट, सेक्टर-27 स्थित एक कार्यालय से चार महिलाओं समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, 11 फीस बुक, चार रसीद बुक, 22 प्रचार-प्रसार पंपलेट और 20 भरे हुए भर्ती फॉर्म बरामद किए गए हैं।

नौकरी दिलाने का देते थे झांसा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विभिन्न कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से पंजीकरण और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर रुपये वसूलते थे। मामले में वादी की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्वेता सिंह उर्फ प्रिया, नीजू यादव, कीर्ति सिंह उर्फ मीरा, पूजा, रूपेश कुमार और आमीर राणा के रूप में हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-20 में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि बरामद दस्तावेजों और मोबाइल फोन की जांच की जा रही है। इससे यह पता लगाया जाएगा कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया।