-डीएम की अध्यक्षता में हुई जिला उद्योग बंधु समिति की समीक्षा बैठक
-डीएम ने दिया सभी समस्याओं के स्थायी समाधान का निर्देश
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: औद्योगिक क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं के कारण उद्यमियों को अक्सर परेशानी का सामना करना पड़ता है। सबसे अधिक समस्या बारिश के दौरान जल भराव, टूटी सड़क व बंद स्ट्रीट लाइट से होती है। उद्यमियों ने डीएम मेधा रूपम की अध्यक्षता में हुई जिला उद्योग बंधु समिति की की बैठक में औद्योगिक क्षेत्र की सभी समस्याओं को प्रमुखता से रखा। डीएम ने विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर करते हुए निवेश के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित कराएं। बैठक में उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण ने विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से प्राप्त समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों के मामले से डीएम को अवगत कराया।

बताई यह समस्याएं
उद्यमियों ने बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव, विद्युत आपूर्ति, ट्रैफिक जाम, जर्जर सड़कों, अतिक्रमण, पार्किंग की कमी तथा जल निकासी जैसी प्रमुख समस्याओं को उठाया। डीएम ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी समस्याओं के समाधान के लिए आपसी समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। डीएम ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि बैठक में प्राधिकरणों से संबंधित प्राप्त सभी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित प्राधिकरणों के अधिकारियों के साथ बैठक कर उद्यमियों की समस्याओं का स्थायी एवं समाधान करें। इस अवसर पर डीएम ने कहा कि औद्योगिक विकास तभी संभव है, जब प्रशासन और उद्योग जगत साझी जिम्मेदारी एवं समन्वय की भावना के साथ कार्य करें। उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान शासन की प्राथमिकता है।
