द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : शहर में अवैध रूप से कूड़ा फेंकने और ठोस कचरे का उचित प्रबंधन नहीं करने वालों के खिलाफ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कार्रवाई तेज कर दी है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अवैध डंपिंग ग्राउंड पर कूड़े से धुआं उठने के मामले में सेक्टर-4 स्थित एम्स गोल्ड होम सोसाइटी पर 40,400 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, पाई-1 और पाई-2 के पास खाली प्लॉट में हॉर्टिकल्चर वेस्ट डालते पकड़े गए डंपर को जब्त कर 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।प्राधिकरण के जनस्वास्थ्य विभाग को शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक अवैध डंपिंग ग्राउंड में कूड़े से धुआं उठने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर दमकल की मदद से आग बुझवाई। इसके बाद कूड़े से मिले साक्ष्यों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग के सहायक प्रबंधक गौरव बघेल के नेतृत्व में टीम ने एम्स गोल्ड होम सोसाइटी पहुंचकर जांच की। प्राधिकरण के अनुसार, बल्क वेस्ट जनरेटर की श्रेणी में आने के बावजूद सोसाइटी की ओर से ठोस कचरे का उचित प्रबंधन नहीं किया जा रहा था और कूड़ा अवैध डंपिंग ग्राउंड में फेंका जा रहा था। इसी आधार पर सोसाइटी पर 40,400 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
खाली प्लॉट में डाला जा रहा था हॉर्टिकल्चर वेस्ट
दूसरी कार्रवाई में प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग के महाप्रबंधक आरके भारती ने टीम के साथ सेक्टर पाई-1 और पाई-2 की सर्विस रोड पर 130 मीटर रोड के पास जांच की। इस दौरान एक डंपर में भरा हॉर्टिकल्चर वेस्ट पास के खाली प्लॉट में डाला जा रहा था। टीम ने डंपर को जब्त कर 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बल्क वेस्ट जनरेटरों से कचरे का नियमानुसार निस्तारण करने की अपील की है। उन्होंने शहरवासियों से भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने को कहा। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि अवैध डंपिंग और कचरे का अनुचित निस्तारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
