-वर्क सर्किल 2 की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर की कार्रवाई
-बड़ी संख्या में हो रहा था कई मंजिला भवनों का निर्माण
द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा:ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित एरिया वैदपुरा और खोदना कलां गांव में बड़ी संख्या में अवैध निर्माण हो रहे थे। बिना प्राधिकरण की अनुमति कई मंजिला भवनों का निर्माण किया जा रहा था। शनिवार को प्राधिकरण की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची तो निर्माण करने वालों में खलबली मच गई। प्राधिकरण ने निर्माण कार्य को बंद करा भवनों को सील कर दिया। एसीईओ सुमित यादव ने लोगों से अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन या फिर फ्लैट खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।

इन खसरा नंबरों पर निर्माण
प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने बताया कि वैदपुरा के खसरा संख्या 332, 333, 334 एवं 615 पर अवैध बहुमंजिला भवनों का निर्माण हो रहा था। वर्क सर्कल दो के वरिष्ठ प्रबंधक नरोत्तम सिंह के नेतृत्व में मैनेजर रोहित गुप्ता व अन्य टीम ने पुलिस की मौजूदगी में इन भवनों को सील कर दिया। इसी प्रकार ग्राम खोदना कलां के खसरा संख्या 323, 324 एवं 194 की जमीन पर प्राधिकरण की अनुमति के बिना निर्माण किया जा रहा था। प्राधिकरण की पुलिस बल की उपस्थिति में यहां भी सीलिंग की करवाई की गई। दोनों जगह पर निर्माण कार्य तत्काल रोक दिया गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा है कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित एरिया में अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ इसी तरह से कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है।
