-जोंटी भाटी व हरेंद्र पहलवान ने जीती ढ़ाई लाख की कुश्ती
-मुकाबला देखने पहुंचे सांसद व विधायक
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: अब तक के सबसे बड़े दंगल का आयोजन ग्रेटर नोएडा के गिरधरपुर गांव में हुआ। दंगल में लगभग 20 लाख रुपए की ईनामी कुश्ती हुई। सबसे बड़ी ढा़ई-ढ़ाई लाख रुपए की चार कुश्ती हुई। कुश्ती में भारतीय के साथ ही विदेशी पहलवानों ने भी अपना दम दिखाया। कुश्ती देखने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों को कई रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। भारतीय व विदेशी पहलवानों के बीच हुआ मुकाबला लोगों को खूब पसंद आया। सांसद डाक्टर महेश शर्मा, विधायक तेजपाल नागर, विधायक नंद किशोर गूजर, जिला पंचायत सदस्य अमित चौधरी सहित बड़ी संख्या में लोग दंगल देखने के लिए पहुंचे।

जोंटी का जलवा
दंगल आयोजन रंजीत पहलवान ने बताया कि गिरधरपुर गांव में अंतरराष्ट्रीय विशाल कुश्ती दंगल का महाकुंभ हुआ। जिसमें ढाई लाख चार कुश्ती हुई। ढ़ाई लाख की पहली कुश्ती में पहलवान जोंटी भाटी ने हामिद पहलवान ईरान को चित किया। दूसरी ढाई लाख रुपए की कुश्ती हरेंद्र पहलवान रंजीत अखाड़ा ने अंकित पहलवान त्रिपड़ी हरियाणा को चित किया। तीसरी ढाई लाख रुपए की कुश्ती शेरा गुर्जर पहलवान व मिर्ज़ा पहलवान ईरान के बीच बराबर रही। चौथी ढाई लाख रुपए की कुश्ती कलवा गुर्जर पहलवान व रोहित पहलवान लडपुरा के बीच बराबर रही। एक लाख रुपए की कुश्ती में अजय पहलवान रंजीत अखाड़ा ने ऑस्कर रूसिया को चित किया। एक लाख रुपए की कुश्ती में रेशम गुर्जर व इरफान पहलवान ईरान के बीच बराबर रही। एक लाख रुपए की कुश्ती अभिषेक पहलवान जुनेदपुर व लक्ष्य पहलवान दिल्ली के बीच बराबर रही। 51 हजार रूपए की तुषार पहलवान रंजीत अखाड़ा ने इमरान पहलवान को चित किया। दूसरी 51 हजार रुपए की कुश्ती कालू पहलवान रंजीत अखाड़ा ने रोहित पहलवान को चित किया। दंगल में लगभग 300 मुकाबले हुए।

