-पुलिस ने दो चोरों को किया गिरफ्तार
-मैकेनिक व कबाड़ी दे रहे थे घटना को अंजाम
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: बादलपुर कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया है। बाइक चोरी की घटनाओं को बाइक मिस्त्री व कबाड़ी के द्वारा अंजाम दिया जा रहा था। दोनों के द्वारा विभिन्न स्थानों से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। चोरी के बाद बाइक को एक खाली प्लाट में छिपाकर रख देते थे। पुलिस ने दोनों चोरों की निशानदेही पर 14 मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि चोरी के बाद मोटरसाइकिल को सस्ते दाम पर बेच देते थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
रेकी के बाद करते थे चोरी
बादलपुर पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना के आधार पर गैंग का पर्दाफाश किया। गिरफ्तार चोरों की पहचान सैफ अली व शादाब के रूप में हुई है। सैफ अली मैकेनिक व शादाब कबाड़ खरीदने का कार्य करता है। दोनों ने पुलिस को बताया कि रेकी कर मोटरसाइकिल व स्कूटी चोरी किया करते थे। चोरी किए गए दो-पहिया वाहनों को सुनसान पड़े खाली प्लॉट में छिपा दिया करते थे तथा बाद में वाहनों को सस्ते दामों में राहगीरों को बेच दिया करते थे। चोरी किए गए दो पहिया वाहनों को बेचने से जो धनराशि प्राप्त होती थी उसे बांटकर शौक-मौज में खर्च कर देते थे। सैफ अली ने 5 वीं कक्षा तक पढ़ाई की है जबकि शादाब अशिक्षित है।
