-प्राधिकरण टीम ने बिलासपुर में चलाया अभियान
-चारदीवारी बनाकर अवैध प्लाटिंग कर रहे थे कॉलोनाइजर
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: बिलासपुर कस्बे में भूमाफिया के द्वारा जमीनों पर अवैध कब्जा किया जा रहा था। धीरे-धीरे लगभग 24 हजार वर्गमीटर जमीन पर कब्जा कर लिया गया था। कब्जा की गई जमीन पर भू माफिया के द्वारा अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही थी। बुधवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने अभियान चलाकर लगभग 24 हजार वर्गमीटर जमीन को कब्जामुक्त करा लिया। बिलासपुर में अतिक्रमण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। जमीन की अनुमानित कीमत लगभग 48 करोड़ रुपए है।

प्राधिकरण का अधिसूचित क्षेत्र
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव का कहना है कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित एरिया में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण करने की इजाजत नहीं है। ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। उन्होंने अपील की है कि अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि बिलासपुर के खसरा संख्या 1554 की जमीन पर कालोनाइजर अवैध निर्माण कर कब्जाने की कोशिश कर रहे थे। प्राधिकरण की तरफ से नोटिस जारी की गई, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। प्राधिकरण के परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में वर्क सर्किल 8 की पूरी टीम ने प्राधिकरण के सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में मौके पर जाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया और लगभग 24 हजार वर्ग मीटर जमीन कब्जे से मुक्त कराया।
