-सुरक्षा नियमों का नहीं किया जा रहा था पालन
-26 कोचिंग संस्थान को जारी हुआ है नोटिस
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा के मानक तो निर्धारित थे लेकिन नियमों का धड़ल्ले से उल्लंघन हो रहा था। लखनऊ में हुए हादसे के बाद जब जांच शुरू हुई तो एक के बाद एक संस्थानों में लापरवाही की पोल खुल रही है। नियमों का उल्लंघन कर संचालित होने वाले कोचिंग संस्थान संबंधित विभागों के ऊपर भी सवालिया निशान खड़े कर कर हैं। पिछले तीन दिनों से चल रही जांच में
टीमों ने 92 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया है। सुरक्षा मानकों का अनुपालन न करने वाले 13 संस्थान सील किए जा चुके हैं एवं 26 को नोटिस हुआ जारी किया जा चुका है। सवाल खड़ा होता है कि नियमों का उल्लंघन कर कोचिंग संस्थान संचालित कैसे हो रहे थे।

सुरक्षा से खिलवाड़
प्रशासन के द्वारा चलाए जा रहे अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा कोचिंग संस्थानों में पंजीकरण, आवश्यक अभिलेखों, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, भवन सुरक्षा एवं अन्य निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराना है। अभियान के तीसरे दिन टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में 26 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया,जिनमें सेक्टर-02 नोएडा के 05, सेक्टर-09 नोएडा के 02, सेक्टर-12 नोएडा के 02, सेक्टर 62 नोएडा के 06 एवं दादरी कस्बे के 04 तथा अल्फा कमर्शियल बेल्ट के 07 कोचिंग संस्थान शामिल है। आवश्यक अभिलेख उपलब्ध न होने एवं निर्धारित मानकों का अनुपालन नहीं पाए जाने पर 02 कोचिंग संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील किया गया तथा 08 को नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों ने बताया जांच अभियान के तहत अब तक 92 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है, जिनमें से 13 कोचिंग संस्थानों को सील किया गया है तथा 26 संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं। सभी कोचिंग संस्थानों के संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे शासन द्वारा निर्धारित समस्त मानकों, अग्नि सुरक्षा संबंधी प्रावधानों, भवन सुरक्षा, पंजीकरण, आवश्यक अनुमतियों एवं अन्य अभिलेखों की पूर्ति तत्काल सुनिश्चित करें।
