द न्यूज गली, नोएडा : साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बैंक KYC के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने के आरोप में एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के बैंक खाते में ठगी से जुड़े करीब नौ लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। खाते उपलब्ध कराने के एवज में उसे 45 हजार रुपये मिले थे।

ऐसे करते थे ठगी
पुलिस के मुताबिक आरोपी साइबर अपराधियों को किराये पर बैंक खाते उपलब्ध कराता था। इसी खाते के माध्यम से बैंक मैनेजर बनकर KYC अपडेट कराने के नाम पर लोगों से ठगी की रकम ट्रांसफर की जाती थी। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अभिसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।

इस संबंध में थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और बैंक खातों के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक KYC के नाम पर आने वाले फोन या संदेशों पर भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना आधार, पैन या बैंक खाते की जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी की शिकायत तत्काल हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर दर्ज कराएं।