द न्यूज गली, नोएडा : कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने लोगों के गुम हुए 225 कीमती स्मार्टफोन बरामद कर उनके स्वामियों को वापस लौटाए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने यह कार्रवाई CEIR पोर्टल और सर्विलांस की मदद से की।पुलिस के मुताबिक, भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, ऑटो और बसों के अलावा सुबह-शाम टहलने के दौरान लोगों के मोबाइल फोन गिर गए थे या कहीं छूट गए थे। इन मामलों में नोएडा जोन के विभिन्न थानों में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस की सर्विलांस टीम ने मोबाइल फोन के IMEI नंबरों और CEIR पोर्टल के माध्यम से उनकी तलाश शुरू की।

अभियान चला कर खोजे गए मोबाइल
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर डीसीपी नोएडा साद मियां खान के निर्देशन और एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह के निकट पर्यवेक्षण में सर्विलांस सेल नोएडा तथा थाना सेक्टर-39 पुलिस ने अभियान चलाकर 225 मोबाइल फोन खोज निकाले। सोमवार को बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों के सुपुर्द किए गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने गौतमबुद्धनगर पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि CEIR पोर्टल की मदद से गुम या चोरी हुए मोबाइल की पहचान और बरामदगी में काफी मदद मिल रही है।