-पीजी खाली करने के दौरान हुआ था विवाद
-विवाद के बाद दो बहनों को एक साथ पीटा

द न्‍यूज गली,ग्रेटर नोएडा: अल्‍फा दो सेक्‍टर में एक पीजी मालकिन की गुंडई सामने आई है। पीजी खाली करने के दौरान हुए विवाद के बाद पीजी मालकिन ने बाल पकड़कर दो बहनों की पिटाई कर दी। बहनों को बचाने आए छोटे भाई को गालियां दीं। शोर-शराबा सुनकर आस-पास के लोगों ने बीच बचाव किया। पीडित छात्रा पलक चौहान की शिकायत पर बीटा दो कोतवाली पुलिस ने पीजी मालकिन संध्‍या के खिलाफ विभिन्‍न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद पीडित छात्राएं डरी हुई हैं।

खाली कर रहीं थी पीजी
पीडिता पलक चौहान का कहना है कि वह मूल रूप से बरेली की रहने वाली हैं। वर्तमान में नोएडा में रहती हैं। उनकी छोटी बहन निधि चौहान अल्‍फा दो सेक्‍टर में पीजी में रहती हैं। निधि को पीजी खाली करना था। पीजी खाली करा सामान शिफ्ट कराने के लिए पलक अपने छोटे भाई के साथ निधि की पीजी पर आए थे। पलक का कहना है कि कमरे से सामान उठाने के लिए उन्‍होंने छोटे भाई को पीजी के अंदर बुलाया, मकान मालकिन संध्‍या ने भाई को अंदर आने से मना कर दिया। आरोप है कि विरोध करने पर संध्‍या गालियां देने लगी और दोनों बहनों के साथ मारपीट की।