द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : दनकौर थाना क्षेत्र में शनिवार को सवारी बनाकर लोगों को कार में बैठाने और रास्ते में डराकर ऑनलाइन रुपये ऐंठने वाले बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, बदमाशों के कब्जे से दो युवकों को सकुशल मुक्त कराया गया।
ऑनलाइन ट्रांसफर कराई थी रकम
पुलिस ने बताया कि 15 अगस्त को पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक युवक को कार में बंधक बनाकर धमकाने के बाद उसके खाते से ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर कराए गए हैं। सूचना पर दनकौर पुलिस और पीआरवी टीम ने कॉलर से संपर्क किया।
जांच में पता चला कि पीड़ित हेमेन्द्र निवासी धौलपुर राजस्थान, दनकौर क्षेत्र में एक निजी यूनिवर्सिटी के पास आगरा की ओर जाने वाले टोल के पास धौलपुर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान कार सवार युवकों ने उसे सवारी के रूप में बैठा लिया। आरोप है कि रास्ते में युवकों ने उसे डराया-धमकाया और ऑनलाइन रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
बदमाशों ने की फायरिंग
पुलिस टीम ने घटना में प्रयुक्त आई-20 कार नंबर एचआर 10 एक्स 0405 की पहचान कर उसका पीछा शुरू किया। पुलिस के अनुसार, अंडरपास के पास कार को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को पुलिस से घिरता देख कार सवार बदमाशों ने भागने की कोशिश की और कार से उतरकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। उनकी पहचान अभिनय पल्लव (24) निवासी महमदपुर, थाना काको, जहानाबाद, बिहार और सत्यम सिंह (22) निवासी शुगर मिल, भउआपुर मस्तान नगर, थाना सिंभावली, हापुड़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से हेमेन्द्र के अलावा जीरो प्वाइंट से पहले कार में बैठाए गए नमन (18) निवासी कानपुर नगर को भी सकुशल बरामद किया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से आई-20 कार, दो .315 बोर के तमंचे, दो खोखे, पांच जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, छीने गए 10 हजार रुपये और एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस बदमाशों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
