द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस लाइंस गौतमबुद्धनगर में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने तथा सशक्त एवं समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में उत्कृष्ट और साहसिक कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को विभिन्न सम्मान से नवाजा गया।

पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश की ओर से उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह उपनिरीक्षक राकेश यादव, थाना बीटा-2 को प्रदान किया गया। सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह निरीक्षक उमेश चंद नैथानी, प्रभारी मीडिया सेल/आईजीआरएस सेल को मिला। शौर्य के आधार पर मुख्य आरक्षी रवि कुमार (स्वर्ण) समेत कई पुलिसकर्मियों को प्रशंसा चिन्ह प्रदान किए गए। सेवाभिलेख के आधार पर भी सात पुलिसकर्मियों को रजत प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित किया गया।

पांच शहीद पुलिस कर्मियों के परिजनों को मिला विशेष सम्मान
कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर ने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पांच शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को विशेष रूप से सम्मानित किया। इनमें स्वर्गीय तीरथपाल सिंह की पत्नी मधु तोमर, स्वर्गीय रोहित यादव की पत्नी आयुषी चौधरी, निरीक्षक स्वर्गीय सुबोध कुमार सिंह की पत्नी रजनी, हेड कांस्टेबल स्वर्गीय बिजेंद्र कुमार की पत्नी मिथलेश और कांस्टेबल स्वर्गीय सुनील भाटी की पत्नी मुनेश कुमारी शामिल रहीं। पुलिस कमिश्नर ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि पुलिस परिवार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहेगा।

समारोह के दौरान चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी विभाग में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। पुलिस कमिश्नर ने अमर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए पुलिसकर्मियों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर-108 में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र तथा कमिश्नरेट मुख्यालय सूरजपुर में डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त डॉ. राजीव नारायण मिश्र समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

कमिश्नरेट के सभी थानों और कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया। पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का गायन किया तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया। मिष्ठान वितरण के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ।