-लोगों ने की सेक्टर में चारदीवारी बनाने की मांग
-आरडब्ल्यूए का आरोप प्राधिकरण अधिकारी दे रहे सिर्फ आश्वासन
द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा: बीटा एक सेक्टर की गिनती शहर के पुराने सेक्टरों में होती है, बावजूद सेक्टर में चारदीवारी नहीं बनी है। इस कारण सेक्टर में आए दिन चोरी की घटनाएं होती रहती हैं। साथ ही चारदीवारी न होने के कारण कुत्ते व आवारा जानवर भी सेक्टरों में प्रवेश कर जाते हैं। इस कारण सेक्टर के लोगों को आए दिन परेशानी होती है। इसे देखते हुए सेक्टर के लोगों ने विधायक तेजपाल नागर से मुलाकात की और सेक्टर में चारदीवारी बनाने की मांग की। विधायक ने आश्वासन दिया है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अधिकारियों से जल्द मुलाकात कर चारदीवारी बनवा दी जाएगी।
होती है यह परेशानी
चारदीवारी न होने के कारण सेक्टर में कुत्ते के साथ ही गाय, सांड व अन्य आवारा जानवर घुस जाते हैं। जानवरों के द्वारा गंदगी फैलाने के साथ ही पार्क में ग्रीनरी को नुकसान पहुंचाया जाता है। आवारा कुत्ते अक्सर लोगों के ऊपर हमला कर देते हैं। पिछले कुछ माह के दौरान ही सेक्टर में 10 से अधिक लोगों पर कुत्ते का हमला हो चुका है। सेक्टर की आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संगीता शर्मा व महासचिव हरेंद्र भाटी का कहना है कि सेक्टर की चारदीवारी बनाने के लिए प्राधिकरण अधिकारियों से कई बार वार्ता की जा चुकी है, अधिकारी सिर्फ आश्वासन ही देते रहते हैं।
