-फूड विभाग की टीम ने 300 किलो रसगुल्ले करा दिए नष्ट
-जांच के लिए भेजे गए 9 स्थानों से एकत्र नमूने
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दीपावली त्योहार पर मिठाई की खरीदारी अधिक होती है। ऐसे में कुछ लोगों ने अधिक मुनाफा कमाने की लालच में आमजन की सेहत से खिलवाड़ की तैयारी कर ली है। फूड विभाग की टीम विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चला रही है। टीम ने ग्रेटर नोएडा के देवला गांव में स्थित सोनू पाल की रसगुल्ला निर्माणशाला से दूध, छेना तथा रसगुल्ला का 01-01 नमूना एकत्र किया। जांच में टीम को मिला कि रसगुल्ले में मरे हुए मक्खी व मच्छर पड़े थे। साथ ही रसगुल्ले से बदबू भी आ रही थी। टीम ने 300 किलो रसगुल्ले को नष्ट करा दिया।

जांच के लिए भेजा सैंपल
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया की टीम द्वारा जोधपुरवाला की मिठाई निर्माणशाला से केसर चमचम का 01 तथा लड्डू का 01 नमूना लिया गया। तिलपता कर्णवास दादरी स्थित मुलायम सिंह की मिठाई निर्माणशाला से बूंदी लड्डू एवं रसगुल्ला का 01-01 नमूना लिया गया। गढ़ी बावन बीघा दनकौर स्थित कृष्णा स्वीट भंडार से छेना रसगुल्ला तथा डोडा बर्फी का 01-01 नमूना लिया लिया गया तथा शेष 60 किग्रा छेना रसगुल्ला में मक्खी मच्छर पड़े होने, प्रदूषित होने व मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त होने के कारण नष्ट कराए गए। विभिन्न स्थानों से एकत्र कुल 09 नमूनें लेकर जांच हेतु लैब भेजे गए हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि खाद्य सामिग्री खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत लाइसेंसी/पंजीकृत आपूर्तिकर्ता से खरीदें तथा खरीद बिल अवश्य लिए जाएं और निर्माण तिथि व बैच नंबर आदि देखकर ही खाद्य सामिग्री प्राप्त करें।
