-अल्फा दो सेक्टर में प्राधिकरण अधिकारियों ने लोगों के साथ की बैठक
-प्राधिकरण अधिकारियों ने दी आश्वासन की मीठी घुट्टी
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में प्राधिकरण के विभिन्न विभाग के अधिकारियों ने अल्फा दो सेक्टर में लोगों के साथ बैठक की। सेक्टर के लोगों ने अधिकारियों के सामने समस्याओं की लंबी लिस्ट रखी। साथ ही मांग की कि सेक्टर में अवैध रूप से संचालित हो रहे 10 से अधिक स्पा सेंटरों को तत्काल बंद कराया जाए। क्योंकि इससे सेक्टर का माहौल खराब हो रहा है। प्राधिकरण अधिकारियों ने लोगों को सभी समस्याओं के जल्द समाधान की मीठी घुट्टी दी।

उठाई यह समस्या
सेक्टर के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुभाष भाटी ने बताया कि बैठक में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों के साथ ही बड़ी संख्या में सेक्टर के लोगों ने भी हिस्सा लिया। अधिकारियों को बताया गया कि सेक्टर में समय-समय पर गंदे पानी की आपूर्ति होती है, इस कारण अक्सर लोग बीमार पड़ जाते हैं। मांग की गई कि पानी की पाइप लाइन बदली जाए। नालियां अंडरग्राउंड की जाएं और बदहाल सीवर व्यवस्था को सही कराया जाए। सेक्टर के मकानों में होने वाली कामर्शियल गतिविधियों को बंद कराया जाए। हार्टीकल्चर विभाग के प्रति लोगों की अधिक नाराजगी दिखी। अधिकारियों को बताया गया कि सेक्टर में पिछले लगभग 12 माह से हार्टीक्चर विभाग काम नहीं कर रहा। साथ ही सेक्टर में लगने वाली अवैध रेहड़ी-पटरी को हटाने व सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई। इस अवसर पर अध्यक्ष संजय कसाना, महासचिव नानक पाल सिंह, कोषाध्यक्ष सतेंद्र तोमर सहित अन्य लोग मौजूद थे।
