-टिकट के दावेदारों ने यात्रा में महज एक-दो दिन दर्ज कराई उपस्थिति
-पार्टी नहीं स्वयं को मजबूत करने में जुटे टिकट के अन्य दावेदार
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी शिद्दत से से जुट गए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को 2027 में उत्तर प्रदेश में परिवर्तन व पार्टी में एकजुटता का नारा दिया है। लेकिन पार्टी के नेता हैं कि वह अलग-अलग खेमे में बंटे हुए हैं। वर्तमान में जिसकी बानगी दादरी विधानसभा में अधिक देखने को मिल रही है, जिसकी चर्चाएं भी हो रही हैं। पार्टी के नेता अक्षय चौधरी के द्वारा 5 जुलाई से निकाली जा रही परिवर्तन साइकिल यात्रा में एक-दो दिन अपनी उपस्थिति दर्ज करा दादरी विधानसभा से टिकट के अन्य दावेदारों ने दूरी बना ली। अगले एक-दो दिन में यात्रा का समापन होने वाला है। दादरी विधानसभा के लगभग 150 गांव में यात्रा पहुंच चुकी हैं, लेकिन दादरी विधानसभा से टिकट के दूसरे दावेदारों ने दो-तीन गांव में साइकिल चला दूरी बना ली।

सता रहा यह डर
परिवर्तन साइकिल यात्रा अक्षय चौधरी के द्वारा निकाली जा रही है। दादरी विधानसभा से टिकट के दावेदारों में उनका नाम भी शामिल है। साइकिल यात्रा के लिए उन्होंने 25 साइकिल खरीदी है। साइकिल यात्रा प्रतिदिन तीन से चार गांवों में पहुंच रही है। भीड़ के साथ लोग यात्रा का स्वागत भी कर रहे हैं। ऐसे में दादरी विधानसभा से टिकट चाहने वाले पार्टी के दूसरे दावेदारों को इस बात का डर सता रहा है कि साइकिल यात्रा से अक्षय की दावेदारी मजबूत हो सकती है, टिकट की दौड़ में वह आगे निकल जाएंगे। जिसका प्रमुख कारण है अखिलेश यादव के दरबार में भी उनकी सीधी इंट्री है और कुछ माह पूर्व अक्षय के घर पर अखिलेश आ भी चुके हैं। ऐसे में टिकट के दूसरे दावेदारों ने अपने धड़े के साथ यात्रा से दूरी बना ली है। एक चर्चा यह भी हो रही है कि कुछ दिन पूर्व यात्रा को लेकर अक्षय चौधरी व पार्टी में जिले के एक बड़े पदाधिकारी के बीच फोन पर जमकर विवाद भी हुआ था। ऐसे में पार्टी नेताओं का आपसी विवाद अखिलेश यादव के सपने को चकनाचूर कर सकता है।
