द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: अयोध्या लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ग्रेटर नोएडा वेस्ट के इटैडा गांव में समाजवादी पार्टी गौतमबुद्ध नगर के जिला उपाध्यक्ष रविंद्र यादव के आवास पर आयोजित एक निजी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर समाजवादी पार्टी गौतमबुद्ध नगर के जिला महासचिव सुधीर तोमर के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार तानाशाही रवैया अपनाते हुए लोकतंत्र की हत्या कर रही है। बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की मार झेल रहा देश का नौजवान सड़क पर है लेकिन निरंकुश सरकार उनसे बात करने की बजाय उनके साथ आतंकियों जैसा व्यवहार कर रही है। दिल्ली के जंतर मंतर पर पुलिस द्वारा की गई लाठीचार्ज भाजपा की हिटलरशाही का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों के कारण आज देश के हालात बद से बदतर हो गए और चौतरफा अराजकता का माहौल पैदा हो गया है। बड़ी-बड़ी बात करने वाले देश के प्रधानमंत्री देश के युवाओं के सवालों का सामना करने से दूर भाग रहे हैं। इस मौके पर सुरेश यादव, संजय यादव, मनोज यादव, भूपेंद्र यादव, आशिक यादव, भुवनेश यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे।

