द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-79 स्थित महागुन मिराविला सोसाइटी में रविवार रात तेज रफ्तार कार ने एक परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि परिवार के मुखिया बाल-बाल बच गए। दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-79 निवासी अरुण भारद्वाज रविवार रात करीब 10:40 बजे अपनी पत्नी कितिका और बेटी आसरा सिंह के साथ सोसाइटी परिसर में लिफ्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दिल्ली नंबर की एक कार तेज गति से वहां पहुंची। आरोप है कि चालक ने लापरवाही और तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए परिवार को टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से हुए घायल
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कितिका और उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-113 में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कार चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि परिसर के भीतर कई वाहन चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। निवासियों ने प्रशासन से सोसाइटी के अंदर स्पीड कंट्रोल के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।
