-लोगों के स्‍वास्‍थ से हो रहा था खिलवाड़
-लाइसेंस निरस्‍त करने की प्रक्रिया हुई शुरू

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्धनगर में हजारों लोगों के स्‍वास्‍थ्‍य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था। यह खिलवाड़ धर्मेश इंडस्ट्रीज मसाला निर्माण इकाई पर हो रहा था। जांच के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने पूरे खेल का भंडाफोड़ कर दिया। टीम ने मौके पर बड़ी मात्रा में मसाले में मिलाए जाने वाले उत्पाद बरामद किए हैं। सभी उत्पादों को टीम ने सील कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मसाला निर्माण इकाई का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा रही है।

यह सामान हुआ सीज
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के साथ थाना बिसरख ग्रेटर नोएडा वेस्ट के अंतर्गत इटहेरा में धर्मेश इंडस्ट्रीज मसाला निर्माण इकाई में जांच की। जहां पर 125 किग्रा मिर्च बीज, 1050 किग्रा हल्दी पाउडर, 315 किग्रा धनिया पाउडर, 525 किग्रा मिर्च पाउडर, 360 किग्रा धनिया के टुकड़े, 140 किग्रा साबुत हल्दी, 600 किग्रा धनिया की डंडी की भूसी, 180 किग्रा अन्य की डंडी मिर्च बीज मिले हुए, 100 किग्रा सोयाबीन की बड़ी, 300 किग्रा साबुत मिर्च, 2 किग्रा पीला रंग, 2 किग्रा लाल रंग एवं 60 किग्रा सरसों का तेल बरामद किया गया। जिनकों मिलाकर मसाले बनाए जा रहे थे। अपमिश्रकों (पीला रंग, लाल रंग व भूसी) सहित 13 नमूनें वास्ते जांच लिए गए। शेष लगभग 3759 किग्रा सामग्री को सीज किया गया। थाने में संबंधित के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में FIR दर्ज भी कराई गयी है। लाइसेंस निरस्त करने की कार्यवाही भी की जा रही है। कार्यवाही देर रात तक जारी रही है।