द न्यूज गली, नोएडा : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदाकर्मियों की हड़ताल से जिले में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। जिला अस्पताल और बाल चिकित्सालय में संचालित टेलीमेडिसिन विभाग पिछले सात दिनों से ठप है। इससे करीब ढाई हजार से अधिक मरीज फोन के माध्यम से चिकित्सकीय परामर्श लेने से वंचित रह गए हैं। वहीं, जिले के 57 आरोग्य केंद्रों में भी टेलीमेडिसिन सेवा बंद है।एनएचएम के संविदाकर्मी नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन समेत विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। टेलीमेडिसिन सेवा के तहत मरीजों को फोन पर चिकित्सकीय परामर्श दिया जाता है। विभाग में एनएचएम के तहत सात डॉक्टर कार्यरत हैं। सामान्य दिनों में एक महीने में करीब 10 हजार मरीज इस सेवा का लाभ लेते हैं। हड़ताल के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आरोग्य केंद्र भी हो गए प्रभावित
आरोग्य केंद्रों पर भी टेलीमेडिसिन सेवा प्रभावित है। यहां तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी ओपीडी के साथ फोन के माध्यम से मरीजों को परामर्श देते हैं। हड़ताल के चलते यह सुविधा भी बंद है।

एड्स नियंत्रण कार्यक्रम पर भी असर
एनएचएम कर्मियों की हड़ताल से राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम भी प्रभावित हुआ है। सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में इस कार्यक्रम से जुड़े 10 से अधिक कर्मचारी हड़ताल में शामिल हैं। इसके चलते सुबह आठ से दस बजे तक काउंसलिंग समेत अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं। आवश्यक सेवाओं को देखते हुए कर्मचारी इसके बाद काली पट्टी बांधकर काम कर रहे हैं। इससे एचआईवी जांच और काउंसलिंग सहित अन्य कार्यों में करीब दो घंटे की देरी हो रही है।

जल्द सामान्य होगी सेवा
सीएमओ डॉ. मदन मोहन त्रिपाठी ने बताया कि हड़ताल के कारण टेलीमेडिसिन सेवा प्रभावित हुई है। जल्द ही विभाग में पहले की तरह काम शुरू होने की उम्मीद है।