द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना बीटा-2 पुलिस ने बंद पड़े मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो एसी आउटडोर, तीन एसी की जाली, एक इलेक्ट्रिक मोटर, दो मोबाइल फोन समेत चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया है। आरोपियों के पास से एक अवैध चाकू भी मिला है।
बंद मकान की करते थे रेकी
पुलिस ने बताया कि गौरव, संजीत और माइकल को सेक्टर गामा-1 से गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि तीनों का एक सक्रिय गिरोह है, जो मोटरसाइकिल से इलाके में घूमकर पहले बंद पड़े मकानों की रेकी करता था। इसके बाद मौका देखकर मकानों में घुसकर एसी, मोबाइल फोन और अन्य लोहे का सामान चोरी कर लेते थे।पुलिस के अनुसार, पकड़े जाने के डर से आरोपी अपने पास अवैध चाकू भी रखते थे। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव पुत्र प्रकाश, निवासी ग्राम साकीपुर, थाना सूरजपुर, संजीत पुत्र बलवहादुर और माइकल पुत्र बीरवहादुर, दोनों निवासी सेक्टर गामा-2, थाना बीटा-2, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।
