द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना बीटा-2 पुलिस और एसओजी (ग्रेटर नोएडा) की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक विदेशी नागरिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 143 ग्राम एमडीएमए, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक स्कूटी और 17,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद एमडीएमए की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर शुक्रवार को जनता फ्लैट सर्विस रोड, सेक्टर चाई-4 से अरुण कसाना निवासी गाजियाबाद, अतुल सिंह निवासी सम्पूर्णम सोसाइटी, ग्रेटर नोएडा और नाइजीरियाई नागरिक चिडुबेम स्टेनली को गिरफ्तार किया गया।

छोटी छोटी पुड़ियों में बेचा जाता था ड्रग्स
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा की विभिन्न सोसायटियों में घूमकर एमडीएमए की छोटी-छोटी पुड़ियां ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस का कहना है कि गिरोह का संचालन चिडुबेम स्टेनली कर रहा था। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में दिल्ली क्राइम ब्रांच द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था और वह फिलहाल जमानत पर बाहर था।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना बीटा-2 में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं तथा विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि कुमार निम का कहना है कि आरोपियों के नेटवर्क और ड्रग्स की आपूर्ति के स्रोत की जांच की जा रही है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।