द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-63 थाना पुलिस ने मोबाइल फोन स्नेचिंग और चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी और स्नैचिंग के 31 मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी राह चलते लोगों से मोबाइल छीनने के बाद उनके पासवर्ड तोड़कर पेटीएम और फोन-पे के जरिए खातों से रकम भी ट्रांसफर कर लेते थे। पुलिस ने बताया कि 6 सितंबर को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुष्पेंद्र (23) और ध्रुव (19) को सेक्टर-63 में हल्दीराम कट की ओर जाने वाली सर्विस रोड से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी गाजियाबाद के कृष्णानगर बागू के रहने वाले हैं।
मोबाइल छीनकर खाते से निकाले 93,500 रुपये
पुलिस के मुताबिक, एक पीड़ित ने शिकायत दी थी कि बाइक सवार दो युवकों ने उसका सैमसंग मोबाइल फोन छीन लिया था। मोबाइल से लिंक बैंक खाते का इस्तेमाल कर आरोपियों ने 93,500 रुपये निकाल लिए थे। मामले में सेक्टर-63 थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते से ट्रांसफर किए गए 70 हजार रुपये डेबिट/फ्रीज करा दिए और आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित का मोबाइल बरामद कर लिया।
पासवर्ड तोड़कर करते थे रकम ट्रांसफर
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मोटरसाइकिल से राह चलते लोगों के मोबाइल फोन छीनते थे। इसके बाद मोबाइल का पासवर्ड तोड़कर उसमें मौजूद पेटीएम और फोन-पे के जरिए अपने खातों में रुपये ट्रांसफर कर लेते थे। बड़ी संख्या में मोबाइल जमा होने पर उन्हें कम कीमत में राह चलते लोगों को बेच देते थे। आरोपियों के अनुसार, मोबाइल बेचकर मिले रुपये आपस में बांटकर मौज-मस्ती में खर्च करते थे। लोगों को डराने-धमकाने के लिए चाकू अपने पास रखते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 चोरी/स्नैचिंग के मोबाइल फोन और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया है। इसके अलावा एक अवैध चाकू और हीरो एक्सट्रीम 125 मोटरसाइकिल (यूपी-16 एफडी-8841) भी मिली है।
दोनों पर कई मुकदमे दर्ज
आरोपी ध्रुव के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में चोरी, स्नैचिंग, बरामदगी और आर्म्स एक्ट समेत 10 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं पुष्पेंद्र के खिलाफ सेक्टर-63 थाने में चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है।
